Breaking News

सीएसजेएमयू के समाज कार्य विभाग ने विश्व समाज कार्य दिवस पर निकाली जागरूकता रैली

कानपुर। महिला उत्पीड़न, कन्या भ्रूण हत्या, लैंगिक असमानता, नारी सम्मान जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाये गये। विश्व समाज कार्य दिवस के अवसर पर छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल आफ आर्ट्स ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज के छात्र-छात्राओं ने रैली निकाली। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की प्रेरणा और मार्गदर्शन में इस रैली का आयोजन किया गया। प्रो. पाठक का मानना है कि हमें हमेशा सामाजिक सेवा कार्यों से जुड़े रहकर समाज के हित में कुछ-न-कुछ करते रहना चाहिए।
रैली का आयोजन कानपुर नगर के रावतपुर में किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य महिला उत्पीड़न, कन्या भ्रूण हत्या, लैंगिक असमानता, नारी सम्मान जैसे मुद्दों पर समाज को जागरुक करना था। विभिन्न सामाजिक मुद्दों नारों के साथ छात्रों का दल रैली के माध्यम से एक मलिन बस्ती में भी पहुंचा और वहां के लोगो को जागरूक किया। रैली में विभिन्न सामाजिक उत्तरदायित्वों से लेकर महिला हितों की रक्षा, स्वावलंबन, जनकल्याण, भारत के सर्वांगीण विकास में महिलाओं की भूमिका जैसे मुद्दों पर लोगो को जागरुक किया गया।
आर.टी.ओ कार्यालय से प्रारंभ हुई रैली जवाहरलाल रोहतगी चिकित्सालय, राज्य कर्मचारी बीमा निगम, श्रम आयुक्त आवास एवं गोल चौराहा ब्रिज के नीचे होते हुए पुनः आर.टी.ओ कार्यालय के पास पहुंची। रैली में डॉ. एस.पी. वर्मा, उर्वशी, डॉ. प्रियंका शुक्ला, डॉ. ए.पी सिंह एवं सैकड़ों की संख्या में एम.एस.डब्ल्यू तथा बी.एस.डब्ल्यू पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

No comments

Thank you